Date: 18/06/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

व्यवसायी के बंगले में 19 साल से तैनात निजी गार्ड की संदिग्ध मौत, मुआवजे की मांग पर परिजनों का हंगामा

6/18/2026 11:59:31 AM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के एक व्यवसायी के बंगले में पिछले 19 वर्षों से निजी गार्ड के रूप में कार्यरत 45 वर्षीय अनिल कुमार सिंह की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने शव उठाने से मना कर दिया और बंगले के बाहर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस, श्रम विभाग और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गया है। मृतक अनिल कुमार सिंह धनबाद के ठाकुर कुल्ही क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते थे, जबकि मूल रूप से बिहार के आरा के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतक के परिजनों कमलेश सिंह अनुसार अनिल करीब 20 वर्षों से व्यवसायी जितेंद्र कुमार अग्रवाल के बंगले में निजी गार्ड के रूप में कार्यरत थे और चौबीसों घंटे ड्यूटी पर रहते थे। बीती रात बंगले में ही उनकी मौत हो गई, जिसकी सूचना परिजनों को देर से मिलने का आरोप लगाया जा रहा है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि काम के दौरान हुई मौत के बावजूद मालिक की ओर से किसी प्रकार के मुआवजे की घोषणा नहीं की गई, जिससे परिवार में आक्रोश है। परिजनों ने उचित मुआवजा और न्याय की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि मौत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं श्रम निरीक्षक ऋषि कुमार प्रजापति ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमों के तहत मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल प्रशासन की ओर से परिजनों और बंगले के मालिक के बीच वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क