Date: 11/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठ से पहले खूंटा बांध घाट का बदलेगा नजारा, दिन-रात चल रहा सजावट और सफाई का काम...

11/11/2026 1:09:34 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Dumka : झारखंड की उपराजधानी दुमका में लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ को लेकर शहर के खूंटा बांध छठ घाट पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा को ध्यान में  रखते हुए घाट की मुकम्मल साफ-सफाई, मरम्मत और रंगाई-पुताई का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। छठ पूजा समिति और स्थानीय कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। खुंटा बांध , बड़ा बांध और रसिकपुर तालाब का निरीक्षण करने दुमका डीसी अभिजीत सिन्हा , एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ,एसडीएम कौशल कुमार के साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे । डीसी ने सुरक्षा और सफाई को लेकर बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिया ताकि छठ घाट की तैयारी जल्द की जा सके । ​​इस वर्ष खूंटा बांध छठ घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मिट्टी की जीवंत मूर्तियां खास होंगी। इसके माध्यम से छठ महापर्व के आध्यात्मिक, वैज्ञानिक और पौराणिक महत्व को बड़े ही मनोहारी ढंग से दर्शाया जाएगा। इसके जरिए नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। ​​घाट परिसर को आकर्षक स्वरूप देने के लिए कारीगर भव्य और नक्काशीदार पंडाल के निर्माण में जुटे हुए हैं। आधुनिक तकनीक और पारंपरिक शिल्पकला के समन्वय से तैयार हो रहा यह पंडाल श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करेगा। वहीं, पूरे घाट और संपर्क मार्गों को बहुरंगी रोशनी व एलईडी तोरण द्वारों से सजाया जा रहा है, जिससे शाम ढलते ही पूरा परिसर दूधिया रोशनी से नहा उठेगा। ​वही पहले अर्घ्य की रात खूंटा बांध घाट पर भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें आमंत्रित भजन गायकों द्वारा पारंपरिक छठ गीतों और भजनों की रसधार बहेगी। निरीक्षण के बाद डीसी ने कहा कि सभी छठ घाट पर चाक चौबंद व्यवस्था की जा रही है ।वहीं एसपी ने कहा कि ट्रैफिक और सुरक्षा को लेकर पुलिस सजग है । सीसीटीवी कैमरा की निगरानी रहेगी ।

 

दुमका से कोयलांचल लाइव के लिए विजय तिवारी की रिपोर्ट