Hazaribag : हजारीबाग प्रेस क्लब और नगर निगम के नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता के बीच विवाद गहराता जा रहा है। मामला छठ महापर्व के दौरान नगर निगम की ओर से स्टोन डस्ट की आपूर्ति के लिए निकाली गई निविदा संख्या 36/2026-27 से जुड़ा है। करीब 9 लाख 96 हजार रुपये की प्राक्कलित राशि वाली इस निविदा की प्रक्रिया और कार्य अवधि को लेकर पत्रकारों ने सवाल उठाए थे। इसी मामले के बाद 10 नवंबर की शाम नगर आयुक्त अपनी टीम के साथ पुराने समाहरणालय परिसर स्थित हजारीबाग प्रेस क्लब पहुंचे। यहां प्रेस क्लब अध्यक्ष मुरारी सिंह और नगर आयुक्त के बीच तीखी बहस हुई। प्रेस क्लब अध्यक्ष का आरोप है कि इस दौरान पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, उन्हें दलाल कहा गया तथा प्रेस क्लब भवन खाली कराने का दबाव बनाया गया। धक्का-मुक्की और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना के बाद प्रेस क्लब अध्यक्ष की ओर से सदर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी गई है। शिकायत में पूरे घटनाक्रम की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। प्रेस क्लब का कहना है कि पुराने समाहरणालय परिसर स्थित भवन 24 जनवरी 2024 को तत्कालीन उपायुक्त की ओर से हजारीबाग प्रेस क्लब को आवंटित किया गया था। इस पूरे मामले को लेकर आज, 12 नवंबर को पुराने समाहरणालय परिसर स्थित धरना स्थल पर नगर आयुक्त के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। यह प्रदर्शन भ्रष्टाचार के खिलाफ और पत्रकारों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर किया जा रहा है। पत्रकारों ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। अब इस विवाद ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या नगर निगम की निविदा प्रक्रिया में उठाए गए सवालों का जवाब दिया जाएगा? क्या पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच होगी? और क्या प्रशासन दोनों पक्षों की बात सुनकर उचित कार्रवाई करेगा
कोयलांचल लाइव डेस्क
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़