Date: 15/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जहां पानी कम पड़ा वहां ग्रामीणों का जज्बा आया काम! पत्थर-मिट्टी से बना दिए हजारों छठ घाट..

11/14/2026 12:46:21 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Munger : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मुंगेर के तारापुर में आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। बदआ यानी बरुआ नदी में घटते जलस्तर के बीच ग्रामीणों ने ऐसी अनूठी पहल की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। नदी में पानी कम होने के कारण प्राकृतिक घाटों की जगह अब मिट्टी और पत्थरों को जोड़कर आकर्षक जिग-जैग डिजाइन वाले कृत्रिम घाट तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि एक-दो नहीं, बल्कि करीब एक हजार से अधिक छोटे-बड़े घाट ग्रामीणों के श्रमदान से तैयार किए जा रहे हैं। सुबह से शाम तक युवा और ग्रामीण घाटों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। देखिए हमारी यह खास रिपोर्ट।  दरअसल, छठ महापर्व को लेकर तारापुर के बदुआ नदी तट पर इन दिनों तैयारियां जोरों पर हैं। नदी किनारे कहीं फावड़े से मिट्टी काटी जा रही है, तो कहीं पत्थरों को एक के ऊपर एक जमाकर अर्घ्य देने के लिए घाट बनाए जा रहे हैं। इन घाटों को जिग-जैग डिजाइन दिया गया है, जो देखने में काफी आकर्षक नजर आ रहा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले नदी में पर्याप्त पानी रहने के कारण श्रद्धालु प्राकृतिक घाटों पर ही भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते थे। लेकिन बालू के अत्यधिक उत्खनन और नदी का जलस्तर घटने से इस बार प्राकृतिक घाटों पर पानी की कमी हो गई है। ऐसे में ग्रामीणों ने खुद जिम्मेदारी संभाली और श्रमदान से कृत्रिम घाटों के निर्माण में जुट गए। खास बात यह है कि इन घाटों को तैयार करने की कवायद छठ से काफी पहले शुरू हो जाती है। दुर्गा पूजा के बाद निर्माण कार्य में तेजी आती है। एक-एक पत्थर को इकट्ठा कर घाटों को आकार दिया जाता है। इस बार करीब ढाई से तीन हजार अस्थायी और कृत्रिम घाट बनाए जा रहे हैं। बदआ नदी के इस घाट पर सिर्फ तारापुर ही नहीं, बल्कि आसपास के कई इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ करने पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि पर्व के दौरान यहां लाखों की भीड़ उमड़ती है। एक छठ व्रती के साथ 10 से 20 परिजन और रिश्तेदार भी घाट पर पहुंचते हैं। ऐसे में इतनी बड़ी भीड़ के लिए घाटों की व्यवस्था करना ग्रामीणों के सामने बड़ी चुनौती होती है।हालांकि, ग्रामीणों में नगर पंचायत प्रशासन की ओर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने को लेकर नाराजगी भी है। उनका कहना है कि नदी की साफ-सफाई से लेकर घाट निर्माण तक का अधिकांश काम लोग अपने स्तर से कर रहे हैं। इसके बावजूद आस्था और सामूहिक प्रयास के दम पर तैयारियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। इधर, छठ व्रतियों की सुविधा को देखते हुए घाटों और रास्तों की साफ-सफाई के साथ रोशनी की व्यवस्था भी की जा रही है। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। युवाओं की टोली दिन-रात घाटों को संवारने में लगी है। अगले एक से दो दिनों में सभी घाटों पर लाइटिंग की व्यवस्था पूरी करने की तैयारी है।  अब सभी को इंतजार है छठ महापर्व का, जब इन्हीं जिग-जैग घाटों पर हजारों श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

 

मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट