Date: 15/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

युवती के बैग में मिला गांजे का खजाना, ओडिशा से बिहार तक जुड़ा तस्करी का तार

11/14/2026 12:46:21 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : नशे के काले कारोबार में अब महिलाएं भी तेजी से सामने आ रही हैं,  गांजा तस्करी के मामलों में लगातार महिलाओं की गिरफ्तारी हो रही है। ताजा मामला गया जंक्शन का है, जहां आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक बार फिर भारी मात्रा में गांजा के साथ 22 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से 12 किलो 756 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 6 लाख 37 हजार 800 रुपये बताई जा रही है। दरअसल, गया रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि धनबाद से शकूरबस्ती जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और अपराध आसूचना शाखा की संयुक्त टीम ने गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन के पहुंचते ही घेराबंदी की। इसके बाद ट्रेन के आगे वाले जनरल कोच में सफर कर रही 22 वर्षीय छोटी कुमारी को संदेह के आधार पर उतारकर तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद एक झोले से गांजे के 12 बंडल बरामद हुए, जिनका कुल वजन 12 किलो 756 ग्राम निकला। गिरफ्तार महिला रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव की रहने वाली है। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पैसों के लालच में ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर बिहार के सासाराम जा रही थी। मामले में आरपीएफ ने गांजा जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर जीआरपी थाना गया के हवाले कर दिया। जहां एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कांड संख्या 285/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
 
गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट।