Date: 18/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मिहिजाम कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन; हथियार और लूटे गए जेवरात के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
 

11/18/2026 1:51:21 PM IST

4
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtada : जिले की मिहिजाम पुलिस ने कांड संख्या 83/2026 का सफल उद्भेदन करते हुए अंतरजिला गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और लूटे गए जेवरात भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, मिहिजाम थाना क्षेत्र के कानगोई निवासी शिव कुमार पासी (26 वर्ष, पिता स्व. गेरो पासी) के लिखित आवेदन पर अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध मिहिजाम थाने में कांड संख्या-83/2026 (दिनांक 12.11.2026) के तहत बीएनएस (BNS), आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (जामताड़ा) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) वसीम रजा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूत्रों की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए सभी अपराधियों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उन्होंने बताया कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के जयराम और आर्यन नामक व्यक्तियों ने उन्हें अधिक पैसा देने का लालच देकर बुलाया था और उन्हीं के निर्देश पर इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना में शामिल आतिश कोयरी (20 वर्ष), पिता- लव सिंह कोयरी, ग्राम- जादूगोड़ा इचड़ा, थाना- जादूगोड़ा, जिला- पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) प्रेम गोराई (35 वर्ष), पिता- स्व. भीम गोराई, ग्राम- कान्हू भट्ठा, थाना- सीदगोड़ा, जिला- पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), सोमू पात्रो (20 वर्ष), पिता- स्व. सुभाष पात्रो, ग्राम- बागुन हातु, थाना- सीताराम डेरा, जिला- पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), इसके अलावा पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्द्धमान जिला अंतर्गत सालानपुर थाना क्षेत्र के अचड़ा निवासी एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। वहीं इनलोगों के पास से  एक देशी पिस्तौल, एक मैगजीन, दो जिन्दा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक जोड़ा पायल, एक गले का हार एवं एक चेन बरामद किया गया है। इस छापामारी दल में एसडीपीओ वसीम रजा के साथ पुलिस निरीक्षक अब्दुल रहमान (नगर प्रभाग, जामताड़ा), मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा, पु.अ.नि. गुलशन कुमार सिंह (साईबर थाना), पु.अ.नि. अलित सागर केरकेट्टा, स.अ.नि. सुजन कुमार रवानी, स.अ.नि. छोटेलाल कुमार और तकनीकी शाखा के आरक्षी संतोष कुमार सिंह शामिल थे।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट |