Date: 21/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बारात की खुशियां मातम में बदलीं, गाड़ी पलटने से 8 घायल
 

11/21/2026 12:55:18 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
मुंगेर : मुंगेर में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर कमरगंज के समीप बारात से लौट रही एक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, सफियासराय थाना क्षेत्र के फरदा गांव से बारात सुलतानगंज के मकनपुर गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद शनिवार की अहले सुबह करीब चार बजे सभी लोग गाड़ी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर कमरगंज के समीप चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। गाड़ी पलटते ही उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में फरदा गांव निवासी सुनील राय के पुत्र अमन कुमार (26), गुड़िया देवी के पुत्र अविनाश कुमार (25), बाल्मीकि यादव के पुत्र अशोक यादव (45), दिवाकर राय के पुत्र बादल कुमार (24), अनिल राय के पुत्र शिवम कुमार (22), निलेश कुमार के पुत्र आदित्य कुमार (15) तथा नया रामनगर थाना क्षेत्र के गढ़ी रामपुर निवासी नवीन चौधरी के पुत्र पीयूष कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं। सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. फैज उद्दीन ने बताया कि हादसे में घायल चार लोगों की स्थिति गंभीर है। उन्हें आईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल शादी की खुशियां मनाकर घर लौट रहे परिवारों के बीच इस हादसे के बाद अफरातफरी और चिंता का माहौल है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट।