Date: 21/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

रिम्स जमीन घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, गिरिडीह समेत कई ठिकानों पर छापेमारी

11/20/2026 1:19:28 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Giridih  : रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी मामले में ACB की टीम ने रांची सहित गिरिडीह में भी छापेमारी की कार्रवाई की है। पूर्व बड़गाईं अंचलाधिकारी (CO) शैलेश कुमार के आवास पर ACB की टीम पहुंची, जहां छापेमारी के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बताया जा रहा है कि रिम्स के विस्तार के लिए अधिग्रहित जमीन को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर के जरिए निजी संपत्ति के रूप में दिखाने तथा उसकी खरीद-बिक्री का प्रयास किया गया था। इस मामले में जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, पावर ऑफ अटॉर्नी और राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामला रिम्स के लिए अधिग्रहित कुल 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है। इसमें मोरहाबादी मौजा की लगभग 8 एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। इस जमीन की कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोप है कि फर्जी वंशावली और दस्तावेजों के सहारे सरकारी जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दर्ज कराने की कोशिश की गई। जमीन के एक हिस्से पर अवैध निर्माण भी कराया गया था, जिसे बाद में न्यायिक आदेश के तहत हटाया गया। शैलेश कुमार का नाम इससे पहले भी जमीन से जुड़े मामलों में जांच और छापेमारी के दौरान सामने आ चुका है। सितंबर 2024 में बड़गाईं जमीन मामले में ACB ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान रांची, हजारीबाग, चाईबासा और गिरिडीह में अधिकारियों के ठिकानों पर जांच की गई थी। रिम्स जमीन घोटाले में भी अब तक कई अधिकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ACB इस पूरे मामले में सरकारी अधिकारियों, जमीन कारोबारियों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
 
गिरिडीह से कोयलांचल लाइव के लिए नरेश गोस्वामी की रिपोर्ट।