Date: 25/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

राजद ने संगठन विस्तार की तेज की तैयारी, प्रखंडों और नगर निकायों में सौंपी जिम्मेदारी!

11/25/2026 2:09:00 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Jamtara : जामताड़ा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने जामताड़ा जिले में संगठन विस्तार की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को मिहिजाम रोड स्थित पार्टी कार्यालय में जिला राजद की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष दिनेश यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश राजद महासचिव सह जामताड़ा जिला संगठन प्रभारी प्रो. जयप्रकाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान जिले के सभी प्रखंडों और नगर निकायों में संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के लिए प्रभारी एवं सह प्रभारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। बैठक में नाला, जामताड़ा, करमाटांड़ और नारायणपुर प्रखंड के अलावा जामताड़ा नगर निकाय एवं मिहिजाम नगर परिषद में संगठन विस्तार को लेकर चर्चा हुई। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए गए। नाला प्रखंड में भोला यादव को प्रभारी तथा उत्तम सिंह को जिम्मेदारी दी गई।जामताड़ा प्रखंड में अशोक कुमार चौधरी को प्रभारी और मुन्ना यादव को सह प्रभारी बनाया गया। करमाटांड़ में मुशर्रफ अंसारी को प्रभारी तथा बदरुल मुस्तफा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। नारायणपुर प्रखंड में काशीनाथ यादव और भारत माता को संगठन की जिम्मेदारी दी गई।इसी तरह मिहिजाम नगर परिषद में डॉ. नंदकुमार यादव को प्रभारी तथा उमेश यादव को सह प्रभारी बनाया गया। जामताड़ा नगर निकाय में अर्चना यादव, राजू यादव और कालू शेख को संगठन विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी गई।जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि प्रदेश महासचिव सह जिला संगठन प्रभारी जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में जिले में संगठन विस्तार का कार्य किया जा रहा है। जिले की सभी पंचायतों में पंचायत अध्यक्ष नियुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। जिन पंचायतों में अब तक अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हुई है, वहां भी जल्द जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश एवं मार्गदर्शन में संगठन को गांव से लेकर पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर तक मजबूत बनाया जाएगा।वहीं, जिला संगठन प्रभारी प्रो. जयप्रकाश यादव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बैठक आयोजित की गई है। पार्टी का लक्ष्य जिले के प्रत्येक प्रखंड और पंचायत तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी स्तरों पर कमेटियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राजद को जामताड़ा जिले में एक मजबूत राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित करना है। बैठक में प्रधान महासचिव अशोक चौधरी, पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रामप्रसाद सिंह, महिला जिलाध्यक्ष अर्चना कुमारी, प्रखंड अध्यक्ष योगेंद्र राय, जिला सांस्कृतिक मोर्चा अध्यक्ष मुन्ना यादव, जिला सचिव अजय यादव, विपिन वर्मा, राजू पासवान, राजू महतो, युवा राजद जिलाध्यक्ष अनायुल अंसारी सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट