Date: 26/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

संविधान के आदर्शों को जीवन में उतारने की अपील, समाहरणालय में हुआ सामूहिक वाचन!

11/26/2026 12:59:53 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : देशभर में आज संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में धनबाद समाहरणालय में भी संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों और समाहरणालय के कर्मियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान सभी ने संविधान के मूल आदर्शों और मौलिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान सभा ने जिस सोच और परिकल्पना के साथ भारतीय संविधान का निर्माण किया, उसके मूल मंत्र को अपने जीवन में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्य भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल उद्देश्यों का बार-बार वाचन करने से ही हम उसके आदर्शों को अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में उतार सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों से अपने मौलिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लेने की अपील की। इस अवसर पर समाहरणालय के विभिन्न विभागों के प्रधान सहायक और कर्मचारी मौजूद रहे। संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
 
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क