Date: 26/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

झारखंड मोड़ पर भू-माफियाओं के मंसूबों पर फिरा पानी, 1.26 एकड़ सरकारी जमीन पर प्रशासन का चेतावनी बोर्ड!

11/26/2026 12:59:53 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में सरकारी जमीन पर भू-माफियाओं की कथित कब्जे की कोशिश को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। झारखंड मोड़ के समीप सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। सदर अंचल के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर 1.26 एकड़ सरकारी जमीन पर सूचना बोर्ड लगा दिया है। बोर्ड के जरिए साफ चेतावनी दी गई है कि इस जमीन की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, झारखंड मोड़ के समीप स्थित सरकारी जमीन पर कथित तौर पर कब्जा करने की कोशिश की सूचना प्रशासन को मिली थी। इसके बाद सदर अंचल सीओ के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम सक्रिय हुई। राजस्व उप निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और जमीन की पहचान करते हुए वहां नया सूचना बोर्ड लगाया। प्रशासन की ओर से लगाए गए बोर्ड में जमीन का पूरा ब्योरा भी दर्ज किया गया है। इसके मुताबिक, मौजा-भूली, थाना संख्या-1, खाता संख्या-817 और प्लॉट संख्या-1764 एवं 1765 की कुल 1.26 एकड़ जमीन सरकारी भूमि है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस जमीन की खरीद-बिक्री प्रतिबंधित है। इसके साथ ही अवैध कब्जा, अतिक्रमण या जमीन के लेन-देन में शामिल लोगों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी जमीन को भू-माफियाओं के कब्जे से बचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, अब बड़ा सवाल यह है कि सूचना बोर्ड लगाने के बाद प्रशासन सरकारी जमीन की सुरक्षा के लिए आगे क्या कदम उठाता है और क्या इस जमीन पर कब्जे की कोशिश करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
 
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क