Date: 26/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गवाही देने की मिली खौफनाक सजा? चार दिन बाद मिला महिला का शव, गांव में आरोपी की पिटाई!

11/26/2026 12:59:53 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया जिले के इमामगंज में 4 दिनों से लापता महिला का शव गुरुवार को बड़की परसिया बदहार गांव के बधार में मिला। शव की हालत देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। महिला के शरीर की चमड़ी कई जगह से उधड़ी हुई थी। सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश भड़क उठा। ग्रामीणों ने शक के आधार पर चमारी महतो को पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे ग्रामीणों के चंगुल से निकालकर अस्पताल ले जाने की कोशिश करती रही। ग्रामीण उसे छोड़ने को तैयार नहीं थे। इस पूरे मामले में रेप केस में गवाही को लेकर पुरानी रंजिश का आरोप सामने आया है। मृतका के पति ने चमारी महतो पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और वारदात में उसकी संलिप्तता की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। मृतका की पहचान बड़की परसिया, पोस्ट रानीगंज निवासी मनवा देवी के रूप में हुई है। वह 23 नवंबर की शाम 4 बजे घर से निकली थी। शाम करीब पांच बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर तलाश की गई। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार को महिला का सुराग नहीं मिलने पर सैकड़ों ग्रामीण इमामगंज थाना पहुंच गए थे। उन्होंने पुलिस से जल्द बरामदगी की मांग की थी। महिला के पति ने इस मामले में केस दर्ज कराया है। मनवा देवी के पति धर्मेंद्र प्रजापति ने मंगलवार को थाने में आवेदन देकर पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। इनमें चमारी महतो और उसके बेटे राम दुलार प्रसाद, सुदर्शन प्रसाद और वीरेंद्र प्रसाद के नाम शामिल थे। पति का आरोप था कि रेप केस में गवाही देने के कारण चमारी महतो की ओर से उन्हें धमकी दी जा रही थी। उन्हें और परिवार को उठा लेने की बात कही गई थी। इसी रंजिश में पत्नी की हत्या कर शव छिपाने की आशंका जताई गई थी। गुरुवार को शव मिलने के बाद धर्मेंद्र प्रजापति ने फिर चमारी महतो पर हत्या का आरोप लगाया। उसका कहना है कि मनवा देवी रेप केस में गवाह थी। चमारी लगातार उस पर गवाही नहीं देने का दबाव बना रहा था। बात नहीं मानने पर उसने पत्नी की हत्या कर दी। ग्रामीणों के अनुसार, जिस चमारी महतो की पिटाई की गई है, वह पहले दो हत्या और एक रेप के मामले में जेल में कई वर्ष तक रह चुका है। वह जेल से पिछले साल ही घर लौटा था। बताया जा रहा है कि रेप के मामले में गवाही की प्रक्रिया अभी चल रही है। इसी मामले को लेकर महिला के परिवार और चमारी के बीच विवाद की बात सामने आई है। बधार में सड़क किनारे महिला का शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों का कहना था कि महिला की हत्या कहीं और की गई और शव को लाकर यहां फेंक दिया गया। शव की हालत इतनी खराब थी कि लोग आक्रोशित हो गए। ग्रामीण अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि महिला की बेरहमी से हत्या की गई है। मृतका के पति ने भी आरोप लगाया कि हत्यारे ने शरीर को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, घायल चमारी महतो को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई। लेकिन आक्रोशित ग्रामीण उसे छोड़ने को तैयार नहीं थे। पुलिसकर्मी लोगों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने में जुटे रहे।  इमामगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया था कि महिला के लापता होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। वह स्वयं घटनास्थल पर भी पहुंचे थे। गुरुवार को  अमित कुमार शव बरामद होने के बाद मामला अब संदिग्ध हत्या में बदल गया है। पुलिस के सामने महिला की हत्या की जगह, समय, वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने की चुनौती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और शरीर पर मिले जख्मों की प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, रेप केस में गवाही को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच जरूरी है।
 
 

गया से कोयलांचल लाइव लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट