Date: 01/02/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छत्तीसगढ़  के प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड का भोजपुर के नहर में मिला शव , क्षेत्र में फैली सनसनी ,जाँच में जुटी पुलिस  

1/31/2026 11:57:33 AM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara  :भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरांव और पलिया गांव के बीच कल देर रात एक युवक का शव नहर से बरामद किया गया। मृतक की पहचान किनु डिहरी गांव, वार्ड संख्या-8 निवासी 40 वर्षीय अजय सिंह, पिता स्वर्गीय बिंदेश्वरी सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।परिजनों के अनुसार मृतक अजय सिंह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी रीना देवी, 18 वर्षीय पुत्र विकास कुमार, 18 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी और 15 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी है। मृतक की ससुराल भगवतीपुर में है। परिजनों ने बताया कि कल शाम करीब 4 बजे अजय सिंह घर से नगरी बाजार जाने के लिए निकले थे। शाम 7 बजे पत्नी से अंतिम बार बात हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि वे सब्जी लेकर लौट रहे हैं। इसके बाद से उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और वे लापता हो गए। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने नगरांव–पलिया के बीच नहर में उनका शव देखा। मौके से बाइक और मोबाइल भी बरामद किया गया। शव पर कई जगह चोट के निशान पाए गए, जिससे गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक छत्तीसगढ़ में प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। युवक 20 दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आया था  परिजनों का कहना है कि मृतक या उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिजन हत्या की आशंका जताते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। 
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट