Date: 01/02/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

शेयर ट्रेडिंग के मुनाफे और बिजली अधिकारी बन साइबर ठगो ने उड़ाए इतने लाख रुपये ...

2/1/2026 4:16:10 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger :मुंगेर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ शेयर बाजार में मुनाफे का सपना दिखाकर ठगों ने एक युवक से करीब 27 लाख रुपये की ठगी कर ली। तो एक और ठगी के मामले में बिजली विभाग के अधिकारी बन साइबर फ्रॉड ने लगभग 4 लाख की ठगी कर ली । साइबर स्कैमर्स किस तरह लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं, यह मामला उसकी एक बानगी है। पूरा मामला क्या है, जानते हैं । 
डिजिटलीकरण के इस दौर में साइबर अपराधी भी लगातार अपने तरीके बदल रहे हैं। ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी या बिजली विभाग के अधिकारी बन अब साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बना रहे है। ऐसा ही दो मामला मुंगेर जिले से सामने आया है। जमालपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी 35 वर्षीय पुष्पकमल झा ने शेयर बाजार की जानकारी लेने के लिए गूगल पर सर्च किया था। इसी दौरान एससीएसआईएल-106 ट्रेड रिसर्च इंस्टीट्यूट नाम के एक प्लेटफॉर्म के संपर्क में आए। फोन पर बातचीत के बाद उन्होंने अक्टूबर 2025 में इससे जुड़कर ट्रेडिंग सीखना शुरू किया। शुरुआत में पीड़ित ने कम राशि लगाई, जिसका मुनाफा भी मिला और पैसे की निकासी भी हो गई। इससे उसका भरोसा बढ़ा और उसने बड़ा निवेश कर दिया। ठगों के झांसे में आकर पुष्पकमल झा ने अलग-अलग माध्यमों से कुल 26 लाख 85 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रेडिंग में लगा दिए। जब ऐप में उनका वॉलेट बैलेंस 1 करोड़ 60 लाख रुपये दिखाने लगा और उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो निकासी नहीं हो सकी। इसके बाद जिस नंबर से संपर्क हो रहा था, वह भी ब्लॉक कर दिया गया। तब पीड़ित को एहसास हुआ कि उसके साथ शेयर बाजार के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड हुआ है। तो दूसरे मामले में जमालपुर निवासी रंजन को बिजली विभाग के अधिकारी बन साइबर ठगों ने कॉल कर मीटर अपडेट कराने के नाम पर एक ऐप डाउनलोड करवाया और उसके बाद उसके खाते से 3 लाख 35 हजार रुपया निकाल लिया । इसके बाद उसने साइबर थाना मुंगेर में आवेदन देकर राशि वापसी और ठगों पर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की छानबीन की जा रही है। इस मामले में साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी ने आम लोगों से अपील है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें। ऑनलाइन निवेश से पहले पूरी जांच और सतर्कता बेहद जरूरी है। ज़रा-सी लापरवाही आपकी जीवनभर की कमाई पर भारी पड़ सकती है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तिहाज की रिपोर्ट