Date: 04/04/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

निष्पक्ष चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त, चेकपोस्ट पर जांच तेज़ 

2/3/2026 5:34:53 PM IST

133
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जामताड़ा : नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन भी निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आज पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के निर्देश पर जिले से सटे अन्य जिलों तथा पश्चिम बंगाल से सटे सीमावर्ती इलाकों में विशेष चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेकपोस्टों पर आने-जाने वाले सभी वाहनों की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस द्वारा वाहनों के कागजात, संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध नकदी, शराब एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री की सघन तलाशी ली जा रही है, ताकि चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि, बाहरी तत्वों की घुसपैठ और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस प्रशासन की इस सख्ती से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है और आम जनता में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। इस दौरान सदर थाना प्रभारी मनोज महतो समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जामताड़ा से निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट