Date: 31/03/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 डेबिट कार्ड बदल कर ठगों ने जमकर की खरीदारी, एक लाख चौदह हजार का लगाया चुना,
 

3/31/2026 4:28:01 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : गया के जहानाबाद जिले में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां एटीएम कार्ड बदलकर ठगों ने एक व्यक्ति के खाते से 1 लाख 14 हजार 894 रुपये की निकासी कर ली। घटना के बाद पीड़ित ने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर निवासी नागेंद्र शर्मा पैसे निकालने के लिए कोर्ट एरिया स्थित एसबीआई एटीएम पहुंचे थे। इसी दौरान एटीएम मशीन में उनका कार्ड फंस गया। वहां मौजूद एक युवक ने मदद के नाम पर उन्हें एक मोबाइल नंबर दिया और उस पर कॉल करने की सलाह दी। कॉल करने पर उनसे एटीएम पिन दर्ज करने को कहा गया, लेकिन इसके बावजूद कार्ड मशीन से बाहर नहीं आया। युवक ने उन्हें शाम तक कार्ड मिलने की बात कहकर वहां से भेज दिया।कुछ देर बाद ही नागेंद्र शर्मा के मोबाइल पर खाते से पैसे कटने के संदेश आने लगे। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से 40 हजार रुपये नकद निकाले गए हैं। इसके अलावा मसौढ़ी स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान से 66 हजार रुपये की खरीदारी की गई, जबकि पटना में 8 हजार 894 रुपये की अतिरिक्त ट्रांजेक्शन भी की गई।बताया जाता है कि मसौढ़ी के संबंधित प्रतिष्ठान में खरीदारी के दौरान ठग सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। फुटेज में उन्हें सामान खरीदने के बाद एक पिकअप वाहन में लोड करते हुए देखा गया है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है और उसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।इधर, जिले में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति की सहायता लेने से बचें।
 
कोलयांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज कुमार की रिपोर्ट