Date: 16/04/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भू-धंसान स्थल का मेयर संजीव सिंह ने किया निरीक्षण ,विस्थापितों के लिए बेहतर व्यवस्था के दिए निर्देश

4/15/2026 4:38:49 PM IST

36
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  :धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह क्षेत्र में हुए भू-धंसान की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी जैसे ही मेयर संजीव सिंह को मिली वे घटनास्थल की और कूच गए। मौके पर पहुँच सबसे पहले स्थिति का जायजा लिया।इसके बाद  लोगों से मेयर संजीक सिंह ने मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने बीसीसीएल के क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर भू-धंसान के कारणों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल समेत संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत कर स्थिति की गंभीरता से उन्हें अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित स्थल की तत्काल घेराबंदी कर सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जाएं तथा जल्द से जल्द मरम्मत एवं स्थायी समाधान की दिशा में कार्य शुरू किया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। मेयर के इस एक्शन को देख स्थानीय जनता जय जय कार करने लगी। मेयर ने  प्रभावित लोगों के विस्थापन से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया। मेयर संजीव सिंह ने कहा कि विस्थापित परिवारों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा उनके पुनर्वास को लेकर हर संभव कदम उठाया जाएगा।
इसके बाद मेयर  संजीव सिंह ने विस्थापितों के लिए बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध खान-पान, पेयजल एवं आवासीय व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि राहत शिविर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस घटना को लेकर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि “केंदुआडीह में हुआ भू-धंसान अत्यंत गंभीर विषय है। आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बीसीसीएल एवं संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि प्रभावित स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए शीघ्र स्थायी समाधान किया जाए। विस्थापित परिवारों की हर संभव सहायता की जाएगी और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।”घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और सड़क की स्थिति तथा विस्थापन को लेकर चिंता व्यक्त की। महापौर ने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जल्द ही क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क