Date: 20/04/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जश्न के बीच अचानक बदल गया माहौल ,कुंभ नाथ सिंह के निजी बॉडीगार्ड ने की ताबड़तोड़ फायरिंग ,वीडियो हुआ वायरल 

4/20/2026 11:46:48 AM IST

92
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में एक बार फिर दबंगई और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बीसीसीएल में आउटसोर्सिंग से जुड़े चर्चित नाम लालबाबू सिंह और उनके भाई कुंभ नाथ सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला किसी विवाद या टेंडर का नहीं, बल्कि एक भव्य सालगिरह समारोह का है। जहां जश्न के बीच खुलेआम फायरिंग की गई। धनबाद के कुसुम बिहार में कुंभ नाथ सिंह की शादी की सालगिरह को यादगार बनाने के लिए भव्य आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में करोड़ों रुपये खर्च कर बड़े-बड़े कलाकारों को बुलाया गया। चारों ओर रोशनी, संगीत और जश्न का माहौल था। लेकिन इस जश्न के बीच अचानक माहौल तब बदल गया जब कुंभ नाथ सिंह के निजी बॉडीगार्ड ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक तरफ कुंभ नाथ सिंह मंच पर गाना गा रहे हैं, वहीं उनके पीछे खड़ा अंगरक्षक हवा में गोलियां चला रहा है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनका करीबी कुणाल सिंह मौके पर पहुंचता है और बॉडीगार्ड को फायरिंग करने का इशारा करता है। इसके बाद एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग की जाती है। हैरानी की बात यह है कि गोलीबारी के बावजूद वहां मौजूद लोग दहशत के बीच भी जश्न में शामिल रहे। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। खुलेआम फायरिंग की यह घटना कानून व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है और क्या इस बार भी दबंगों पर कोई ठोस कदम उठाया जाएगा या मामला यूं ही ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क