Date: 30/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 महिलाओं ने खोला शराबबंदी मोर्चा, पोटका थाना पहुंचकर की सख्त कार्रवाई की मांग

5/10/2026 12:13:32 PM IST

97
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Potka  : गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू कराने को लेकर मानपुर गांव की महिलाओं ने ग्राम प्रधान गोपाल चंद्र मुर्मू के नेतृत्व में पोटका थाना पहुंचकर शराब एवं हड़िया बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। महिलाओं ने थाना में फरियाद करते हुए बताया कि गांव में लगातार शराब और हड़िया की बिक्री होने से पारिवारिक एवं सामाजिक माहौल बिगड़ता जा रहा है। महिलाओं ने कहा कि कुछ दिन पूर्व गांव में रैली निकालकर शराबबंदी के समर्थन में प्रदर्शन किया गया था तथा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक भी किया गया। इसके बावजूद शराब बेचने वाले खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि “जो करना है कर लो, शराब और हड़िया बेचते रहेंगे।” ग्राम प्रधान गोपाल चंद्र मुर्मू, सुहागी मुर्मू एवं पद्मावती भकत ने बताया कि शराब पीकर घर लौटने वाले पुरुष अक्सर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं, जिससे गांव का माहौल अशांत हो गया है। महिलाओं ने कहा कि शराब और हड़िया के कारण गांव में अव्यवस्था फैल रही है तथा बच्चे और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। स्थिति से परेशान होकर महिलाओं ने अब थाना का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है।
 
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट