Date: 30/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद सीओ के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन , नेताओ ने कहा ,तबादले की मांग को लेकर आंदोलन रहेगा जारी ...

5/15/2026 5:36:33 PM IST

81
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad :  धनबाद अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध अब तेज हो गया है। सीओ के अविलंब तबादले की मांग को लेकर शुक्रवार को धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता धनबाद थाना की ओर रवाना हुए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि धनबाद सीओ भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और ऐसे पदाधिकारी का जिले में बने रहना जनता के हित में नहीं है। जिला कांग्रेस कमेटी ने पहले जेल भरो आंदोलन करने की घोषणा की थी, लेकिन शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है। हालांकि पार्टी नेताओं ने साफ कहा है कि जब तक सीओ का तबादला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा \दरअसल, कुछ दिन पहले कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सीओ कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान प्रशासन की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और बिना अनुमति धरना देने का मामला दर्ज किया गया था। इसके जवाब में कांग्रेस पार्टी ने भी धनबाद थाना में सीओ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रशासन विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है, जिसे पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन विरोधी नारे लगाए और सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई। फिलहाल कांग्रेस और प्रशासन के बीच बढ़ता यह विवाद धनबाद की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क