Date: 25/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

घर में चोरी करने घुसे बदमाशों ने वृद्ध महिला की पीट पीट कर किया हत्या, जांच में जुटी पुलिस

5/17/2026 12:18:56 PM IST

96
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
jahanabad  : - जहानाबाद जिले के कल्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत कामदेव बीघा गांव में शनिवार रात चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने एक वृद्ध महिला की पीट पीट हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।मृतका की पहचान 75 वर्षीय राम कुमारी देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह घर में अकेली रहती थीं। उनके पति सिद्धेश्वर सिंह की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी और उनकी कोई संतान भी नहीं थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। इसी दौरान महिला की नींद खुल गई होगी और उन्होंने विरोध किया होगा। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया, शरीर पर कई दाग भी हो गई है जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चंद्र चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे चोरी की आशंका और गहरा गई है। सूचना मिलने पर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के परिजन उपेंद्र सिंह ने बताया कि राम कुमारी देवी रोज सुबह काफी जल्दी उठ जाती थीं, लेकिन रविवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला। काफी देर तक आवाज लगाने और गेट खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद किसी तरह घर के अंदर प्रवेश किया गया, जहां उनका शव पड़ा मिला। घर का सामान भी अस्त-व्यस्त था। घटना के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट