Date: 22/05/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मानगो में महिला से पर्स छीनकर फरार हुए बाइक सवार चोर, इलाके में दहशत
 

5/21/2026 4:14:55 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। महावीर कॉलोनी स्थित इंटरनेशनल स्कूल गली में रविवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला का पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता की शिकायत पर मानगो थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित जेकेएस सोसायटी निवासी गीता पंडित रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे इंटरनेशनल स्कूल गली से होकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने उनके हाथ से पर्स झपट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पीड़िता ने बताया कि पर्स में नकदी, मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान रखा हुआ था। घटना के बाद से वह काफी डरी हुई हैं। सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की जरूरत है ताकि ऐसी
 घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जमशेदपुर से शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट