Date: 31/05/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मेधा सम्मान समारोह में होनहार स्टूडेंट्स हुए सम्मानित, वर्षा कुमारी बनीं झारखंड की द्वितीय टॉपर

5/29/2026 1:52:45 PM IST

32
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: धनबाद क्लब में शुक्रवार को झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से जिला स्तरीय मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। समारोह में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा और एसडीएम लोकेश बारंगी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत मेधावी छात्रों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य विद्यार्थियों को प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पूरे राज्य में किए जा रहे हैं ताकि बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और राज्य के साथ-साथ देश का भी नाम रोशन करें। समारोह में डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर की छात्रा वर्षा कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वर्षा ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। सम्मान मिलने पर वर्षा ने खुशी जताते हुए अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि आगे वह इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं और फिलहाल 11वीं में पीसीएम विषय से पढ़ाई कर रही हैं।वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर के प्राचार्य ने कहा कि स्कूल के इतिहास में पहली बार किसी छात्रा ने राज्य स्तर पर टॉप किया है। उन्होंने वर्षा को अनुशासित और मेहनती छात्रा बताते हुए कहा कि उसने बिना किसी अतिरिक्त कोचिंग के अपनी लगन और मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए धनबाद से दीपक की रिपोर्ट