Date: 27/07/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का भाजपा पर हमला, राज्यसभा चुनाव पर बोले...

5/30/2026 6:22:52 PM IST

92
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: धनबाद पहुंचे झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्यसभा चुनाव, कांग्रेस संगठन और भाषा विवाद जैसे अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किए जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा पर राज्यसभा चुनाव में खरीद-फरोख्त की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ किसी भी व्यक्तिगत विवाद से इनकार करते हुए कहा कि उनके मतभेद केवल पार्टी की नीतियों को लेकर हैं। वहीं झारखंड में चल रहे भाषा विवाद पर उन्होंने कहा कि यह विवाद नहीं बल्कि एक चूक है, जिसे सुधारने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उच्च स्तरीय समिति गठित की है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय भाषाओं को सम्मान देने और नियमावली में आवश्यक संशोधन की मांग की। झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है। इसी बीच धनबाद पहुंचे वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए आवश्यक संख्या बल नहीं है, इसके बावजूद उम्मीदवार उतारने की तैयारी यह संकेत देती है कि वह विधायकों की खरीद-फरोख्त की राजनीति करना चाहती है। मंत्री ने दावा किया कि महागठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का समर्थन है, जिसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और वाम दल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एक सीट जीतने के लिए 28 वोटों की जरूरत होती है और महागठबंधन की स्थिति पूरी तरह मजबूत है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारेगी, हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान करेगा।
 
कोयलांचल लाइव के लिए धनबाद से दीपक की रिपोर्ट