Date: 31/05/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

इंटर्नशिप प्रक्रिया में अनियमितताओं पर भड़का छात्र संगठन, कार्रवाई की मांग

5/31/2026 12:02:42 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : आरा वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध महाराजा महाविद्यालय सहित विभिन्न महाविद्यालयों में इंटर्नशिप प्रक्रिया के नाम पर हो रही अनियमितताओं और अवैध वसूली पर छात्र संगठन आइसा ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने कहा है कि विश्वविद्यालय के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के बावजूद कई निजी संस्थाएं और कुछ महाविद्यालय छात्रों से हजारों रुपये वसूल रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। विश्वविद्यालय के अनुसार सत्र 2024-28 के विद्यार्थियों को केवल उन्हीं संस्थाओं में इंटर्नशिप करने की अनुमति है जो कम से कम तीन वर्ष पुरानी, विधिवत निबंधित तथा सरकार से मान्यता प्राप्त हों। इसके बावजूद बिना मान्यता वाली संस्थाओं द्वारा छात्रों से धन उगाही की शिकायतें मिल रही हैं। छात्रों का आरोप है कि कई जगहों पर केवल कागजी प्रक्रिया पूरी कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। आइसा ने विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों के हितों की रक्षा नहीं की गई और अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी, तो वह आंदोलन करने को बाध्य होगा।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट