Date: 15/06/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, चालक फरार

6/15/2026 3:30:19 PM IST

36
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर परसुडीह थाना अंतर्गत सलगाझुड़ी मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जहाँ एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुमित मुंडा के रूप में हुई है, जो सलगाझुड़ी निवासी और भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीमा मुंडा का पुत्र था। सुमित टाटा मोटर्स में ठेका मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि सुमित रोज की तरह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। डंपर का पिछला चक्का उसके सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इलाके में भारी वाहन तेज रफ्तार से बेधड़क चलते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। वे पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों के बीच मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी को लेकर बातचीत जारी है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट