Date: 14/06/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

NGT की रोक के बावजूद अवैध बालू परिवहन धड़ल्ले से जारी, बालू लदा हाइवा जब्त

6/14/2026 3:31:28 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
सरायकेला: खरसावां के नीमडीह प्रखंड से अवैध बालू परिवहन का मामला सामने आया है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) द्वारा मानसून अवधि के दौरान बालू खनन और परिवहन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई जारी रहने के आरोप लग रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को नीमडीह अंचल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक बालू लदे हाइवा को जब्त किया। जानकारी के अनुसार, अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी और स्थानीय पुलिस की टीम ने जुगीलोंग गांव में जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे हाइवा (JH 05EC 4792) को जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि बालू का परिवहन सुवर्णरेखा नदी क्षेत्र से किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि NGT द्वारा 10 जून से 10 अक्टूबर तक लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद क्षेत्र से प्रतिदिन 40 से 50 हाइवा बालू का परिवहन किया जाता है। लोगों का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने बताया कि अवैध बालू लदे एक वाहन को जब्त किया गया है। उन्होंने चालक के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि नियमानुसार रिपोर्ट तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं वाहन मालिक ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चालक के साथ दुर्व्यवहार किया गया है। इस घटना के बाद हाइवा मालिकों और चालकों में नाराजगी देखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जब्ती के दौरान चालक के साथ कथित मारपीट की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि प्रशासन ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। अंचल अधिकारी का कहना है कि जब्त वाहन को सुरक्षा कारणों से थाना परिसर के बजाय अन्य सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जिससे कुछ लोगों में असंतोष है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि NGT के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए सरायकेला से बसंत साहू की रिपोर्ट