Date: 18/06/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 नेत्र सहायक पर महिला सफाई कर्मी से अश्लील हरकत का गंभीर आरोप

6/18/2026 11:59:31 AM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर मॉडल सदर अस्पताल से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नेत्र विभाग में कार्यरत एक नेत्र सहायक पर महिला सफाई कर्मी के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब महिला सफाई कर्मी रात के समय नेत्र विभाग में सफाई कार्य कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद नेत्र सहायक विकास कुमार पर महिला के साथ अभद्र और अश्लील व्यवहार करने का आरोप है। महिला कर्मी ने तुरंत इसका विरोध किया और बाद में अपने सहकर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता ने इस मामले की लिखित शिकायत सिविल सर्जन और अस्पताल उपाधीक्षक को सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच के लिए आंतरिक परिवाद समिति का गठन कर दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आरोपी नेत्र सहायक के खिलाफ पहले भी महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार से जुड़ी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिस पर पूर्व में कार्रवाई भी की गई थी। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. रमण ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट