Date: 19/06/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अनुबंध व आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों का धरना, 14 सूत्री मांगों को लेकर सरकार को दी चेतावनी

6/19/2026 2:20:12 PM IST

69
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamatara : झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला शाखा जामताड़ा के बैनर तले शुक्रवार को अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नवल सिंह ने किया। धरना में संघ के राज्य अध्यक्ष अरविंद प्रसाद, सदस्य बैजू झा, मनोज कुमार, पंकज मंडल, अनिल सिंह, बबीता साहा, झूमा गण, खुशबू गुप्ता, राहुल तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने वेतन भुगतान में हो रही देरी, सेवा सुरक्षा, लंबित समस्याओं के समाधान तथा एएनएम-जीएनएम संघ की जिला अध्यक्ष रेखा कुमारी के निधन से जुड़े मामलों समेत 14 सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया। राज्य के सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। संघ की सदस्य झूमा गण ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। समय पर वेतन और सेवा संबंधी अधिकार मिलना उनका अधिकार है। वहीं बबीता साहा ने कहा कि अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों के भविष्य को सुरक्षित करने तथा लंबित मांगों के समाधान के लिए सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए। धरना के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अन्य कार्य प्रभावित रहे। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मियों के इस प्रदर्शन से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याएं एक बार फिर सामने आई हैं। अब सभी की नजरें सरकार और विभागीय अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट