Date: 24/06/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

शराब छापेमारी के दौरान भारी बवाल,उत्पाद विभाग की टीम पर हमला,कई जख्मी 

6/24/2026 12:28:17 PM IST

26
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jehanabad: जहानाबाद जिले के भेलावर थाना क्षेत्र के दक्षिणी गांव में शराब उत्पादन की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस दौरान हुई रोड़ेबाजी में उत्पाद विभाग की दो गाड़ियों के शीशे टूट गए. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने बच्चों और महिलाओं के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए जहानाबाद-घोसी मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम रखा. वहीं उत्पाद विभाग ने आरोपों से इनकार किया है.मंगलवार देर शाम उत्पाद विभाग की टीम को दक्षिणी गांव में अवैध शराब निर्माण और कारोबार की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची. इसी दौरान कार्रवाई का विरोध शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला बढ़ गया.ग्रामीणों का आरोप है कि उत्पाद विभाग की टीम ने घरों में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की. ग्रामीणों के अनुसार पुलिसकर्मियों की पिटाई से एक बच्चे का सिर फट गया, जिसके बाद गांव के लोगों का गुस्सा भड़क उठा. महिलाएं भी विरोध में सामने आ गईं और उत्पाद विभाग की टीम से उलझ गईं.विवाद बढ़ने के बाद ग्रामीणों ने उत्पाद विभाग की टीम पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी. इस दौरान विभाग की दो गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए. हालात बिगड़ते देख टीम को मौके से हटना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस को बुलाया गया.विरोध के दौरान उत्पाद विभाग ने एक महिला को हिरासत में ले लिया. ग्रामीणों का आरोप है कि महिला को बेवजह गिरफ्तार किया गया. महिला की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही ग्रामीण और आक्रोशित हो गए और सड़क पर उतर आए.घटना के विरोध में ग्रामीणों ने जहानाबाद-घोसी पथ को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. ग्रामीण उत्पाद विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे.उत्पाद विभाग के निरीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि टीम शराब उत्पादन की सूचना पर गांव में छापेमारी करने गई थी. उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीण और महिलाएं उग्र हो गईं और विरोध करने लगीं. उन्होंने किसी बच्चे या महिला के साथ मारपीट करने के आरोप को पूरी तरह खारिज किया.उत्पाद विभाग के निरीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि टीम शराब उत्पादन की सूचना पर गांव में छापेमारी करने गई थी. उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीण और महिलाएं उग्र हो गईं और विरोध करने लगीं. उन्होंने किसी बच्चे या महिला के साथ मारपीट करने के आरोप को पूरी तरह खारिज किया. घटना की सूचना मिलने के बाद भेलावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया. बाद में हिरासत में ली गई महिला को भी छोड़ दिया गया.भेलावर थाना अध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि भागदौड़ के दौरान एक बच्चे के गिर जाने से उसके सिर में चोट लगी थी. उन्होंने उत्पाद विभाग की दो गाड़ियों के शीशे टूटने की पुष्टि की. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण पासवान और दयानंद चौधरी को गिरफ्तार किया है. मामले की जांच जारी है। 
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट