Date: 23/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, विजिलेंस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

6/23/2026 12:12:18 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : भोजपुर जिले के गड़हनी प्रखंड में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिहार निगरानी की टीम ने ब्लॉक में पदस्थापित एक राजस्व कर्मचारी को कथित रूप से घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। पकड़े गए राजस्व कर्मचारी की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद विजिलेंस की टीम उसे अपने साथ लेकर चली गई। मिली जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने पूर्व से मिली शिकायत के आधार पर जाल बिछाया था। इसी दौरान गड़हनी ब्लॉक में तैनात राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए दबोच लिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से ब्लॉक परिसर में अफरातफरी और चर्चाओं का माहौल बन गया। कर्मचारी और फरियादी भी कुछ देर तक मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे। सूत्रों की मानें तो किसी राजस्व/जमीन संबंधी कार्य के एवज में घूस मांगने की शिकायत निगरानी विभाग को मिली थी, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। हालांकि, कितनी राशि की रिश्वत ली जा रही थी, शिकायतकर्ता कौन था और मामला किस काम से जुड़ा था, इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर देर शाम तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी थी। इधर, इस मामले में पक्ष जानने के लिए गड़हनी की अंचल अधिकारी से संपर्क साधने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। वहीं, विजिलेंस विभाग की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक विस्तृत प्रेस नोट जारी नहीं किया गया था।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट