Date: 06/10/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

खूनी खेल का तांडव : एक सप्ताह में चार थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी और लूट की वारदातों से दहशत, 6 घायल, 1 की मौत

6/30/2026 11:48:50 AM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीते एक सप्ताह के दौरान गोलमुरी, साकची, बिष्टुपुर और बर्मामाइंस थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी और लूटपाट की कई घटनाओं ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। इन घटनाओं में अब तक 6 लोग घायल हुए हैं, जबकि एक युवक की मौत हो चुकी है। पहली घटना गोलमुरी मस्जिद के पास हुई, जहां ट्रक चालक से लूटपाट का प्रयास किया गया। विरोध करने पर अपराधियों ने चालक पर चापड़ से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। दूसरी घटना साकची मार्केट में हुई, जहां चाकूबाजी की घटना में दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तीसरी और सबसे गंभीर घटना बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई, जहां दो युवकों पर हमला किया गया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। वहीं बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर ट्रक चालकों से लूट की कोशिश के दौरान हुई चापड़बाजी की घटनाओं में दो लोग घायल हुए। लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम नागरिकों में डर और असुरक्षा का माहौल है तथा लोग अपराधियों पर सख्त कार्रवाई और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल सभी मामलों की जांच संबंधित थाना पुलिस कर रही है। कई मामलों में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम मिश्रा की रिपोर्ट