Date: 16/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ग्राम रक्षा दल की भव्य तिरंगा यात्रा, मानदेय और स्थायीकरण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

6/30/2026 11:48:50 AM IST

98
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया में बिहार ग्राम रक्षा दल के बैनर तले भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत के नेतृत्व में सैकड़ों जवानों ने मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से करीब 60 किलोमीटर की यात्रा तय की। यात्रा के दौरान जवानों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। तिरंगा यात्रा मोहनपुर, बाराचट्टी, डोभी और बोधगया होते हुए जिला समाहरणालय पहुंची। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवशंकर प्रसाद ने की। यात्रा में शामिल ग्राम रक्षा दल के सदस्यों ने "वंदे मातरम्", "भारत माता की जय" और "वीर शहीद अमर रहें" जैसे नारों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। समाहरणालय पहुंचने के बाद प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि देना, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देना है। उन्होंने बिहार सरकार से ग्राम रक्षा दल के सदस्यों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। इस दौरान जिला पदाधिकारी को तीन सूत्री मांगपत्र भी सौंपा गया। मांगपत्र में ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को मानदेय और स्थायीकरण देने की अनुशंसा, सभी प्रखंडों में नियमित प्रशिक्षण शुरू कराने तथा जिले के छूटे हुए पंचायतों और वार्डों में ग्राम रक्षा दल का गठन कराने की मांग शामिल है। यात्रा में दिलीप कुमार, किशोर कुमार, दीपक कुमार, रिंकू देवी, रंजू कुमारी, पिंकी देवी समेत बड़ी संख्या में ग्राम रक्षा दल के सदस्य शामिल रहे। संगठन ने मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आगे आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट