Date: 02/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

किशोरी की मौत के बाद अस्पताल में मचा बवाल, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, भड़कें परिजन 

7/1/2026 12:06:53 PM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद सदर अस्पताल में 14 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा, तोड़फोड़ और डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना सामने आई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा। जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय रिचा कुमारी को उल्टी की शिकायत के बाद सदर अस्पताल लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना समुचित जांच के कई इंजेक्शन और सलाइन लगाने की सलाह दी, जिसके बाद बच्ची की तबीयत और बिगड़ गई। परिजनों का दावा है कि इलाज में लापरवाही के कारण उसकी मौत हुई। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के साथ बदसलूकी की और चिकित्सक कक्ष के बाथरूम का शीशा तोड़ दिया। हंगामे के दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। कई नर्स और कर्मचारी अस्पताल छोड़कर बाहर निकल गए, जबकि डॉक्टर ने खुद को कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ए.के. नंदा ने लापरवाही के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्ची को गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था। उसका ब्लड प्रेशर काफी कम था और प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर किया गया था। हालांकि कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया तथा कहा कि यदि किसी को शिकायत है तो लिखित आवेदन दें। इसके बाद पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। 
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट