Date: 08/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 पूर्व सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के विरोध में धनबाद निबंधन कार्यालय बंद, कर्मचारियों ने जताया आक्रोश

7/1/2026 5:52:41 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बेलसगरा गांव निवासी और गिरिडीह के पूर्व सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के विरोध में बुधवार को धनबाद जिला निबंधन कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप रहा। निबंधन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। कर्मचारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए हत्या में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह की घटना सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। निबंधन कर्मियों ने सरकार से मांग की है कि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। विरोध के कारण पूरे दिन कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा। दस्तावेजों के निबंधन समेत अन्य कार्य नहीं हो सके, जिससे अपने काम से पहुंचे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बता दें कि मंगलवार को रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बेलसगरा गांव में जमीन विवाद को लेकर गिरिडीह के पूर्व सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे निबंधन विभाग में शोक और आक्रोश का माहौल है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क