Date: 05/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

विवाहिता की मौत पर हुआ बवाल, पति समेत ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

7/5/2026 11:55:01 AM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद जिले के रतनी-परसबिगहा थाना क्षेत्र के झुनाठी गांव में 22 वर्षीय विवाहिता शीतल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतका की पहचान झुनाठी गांव निवासी लक्ष्मण कुमार की पत्नी शीतल कुमारी के रूप में हुई है। शीतल की शादी वर्ष 2024 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। दंपति का करीब डेढ़ साल का एक बेटा भी है। शीतल मूल रूप से झारखंड के धनबाद जिले के भूसुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत भूलीडीह की रहने वाली थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के समय उनकी ओर से सभी मांगें पूरी की गई थीं, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा। उनका कहना है कि शीतल को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। बेटी का घर बचाने की कोशिश में परिजनों ने कई बार समझौता कराया, जबकि शीतल भी अपने छोटे बेटे के भविष्य को देखते हुए हर परेशानी सहन करती रही। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले भी शीतल के साथ मारपीट की गई थी। शनिवार रात उसने अपने मायके फोन कर आशंका जताई थी कि उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। कुछ देर बाद उसके पति ने फोन कर बताया कि शीतल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि मायके पक्ष इस दावे को खारिज करते हुए इसे हत्या बता रहा है। उनका कहना है कि शीतल अपने बेटे से बेहद लगाव रखती थी और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। मृतका के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति का कथित रूप से एक रिश्तेदार महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसका शीतल विरोध करती थी। उनका आरोप है कि इसी कारण उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के दौरान भी अस्पताल में केवल मायके पक्ष के लोग मौजूद थे। ससुराल पक्ष का कोई सदस्य सामने नहीं आया, इसलिए उनका पक्ष अभी तक सामने नहीं आ सका है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पति घर से बाहर चला गया। उस समय घर में केवल शीतल और उसकी सास मौजूद थीं। बाद में सास भी किसी काम से बाहर चली गईं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट