Date: 05/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बालू खनन विवाद में हुआ खूनी संघर्ष; 20 राउंड फायरिंग, एक की मौत, 5 घायल

7/5/2026 11:55:01 AM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई भीषण गोलीबारी में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज पटना में चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, चैतीपीपर और गिजी गांव के लोगों के बीच बालू खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी में धीरज कुमार शर्मा के सीने में गोली लगी थी। उन्हें गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं चैतीपीपर गांव के दिनेश राम के पैर, अजय राम के पेट, सुधीर राम और विजय राम के पैर में गोली लगी है। गिजी गांव के विष्णु कुमार भी घायल हुए हैं। घायलों को पहले घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से सदर अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक 20-25 लोग हथियार लेकर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। शुरुआत में लोगों को लगा कि पटाखे फूट रहे हैं, लेकिन जब वे घरों से बाहर निकले तो कई लोग गोलियों का शिकार हो गए। घायल अजय कुमार ने बताया कि वह अपने दरवाजे पर बैठे थे। गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर निकले तो उन्हें गोली लग गई। घटना के बाद दोनों गांवों में भारी तनाव है। स्थिति को देखते हुए एसपी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और देर रात तक छापेमारी जारी रही। एसपी ने बताया कि बालू उठाव को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद फायरिंग हुई। इस घटना में छह लोगों को गोली लगी थी, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जहानाबाद में करीब चार वर्ष पहले ही बालू खनन पर रोक लगा दी गई थी। इसके बावजूद कई इलाकों में अवैध बालू खनन और उठाव लगातार जारी है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब बालू उठाव पर प्रतिबंध है, तो जिले में खुलेआम अवैध खनन और परिवहन कैसे हो रहा है?
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट