Date: 04/07/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

चलती ट्रेन से गिरकर हुई यात्री की दर्दनाक मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

7/4/2026 5:18:26 PM IST

33
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : पूर्व मध्य रेलवे के बिहियां और रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार को एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया, जहां चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक यात्री की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक की लहर है, जबकि मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पहचान बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव निवासी 45 वर्षीय अजय कुमार सिंह, पिता चंदेश्वर सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजय कुमार सिंह किसी ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान बिहियां और रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के बीच अचानक चलती ट्रेन से गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यात्री किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उधर, अजय कुमार सिंह की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट