Date: 07/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद पहुंचे आईजी शैलेंद्र सिन्हा: प्रिंस खान पर जारी कार्रवाई, कानून से नहीं बचेंगे अपराधी

7/6/2026 1:43:41 PM IST

54
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा सोमवार को धनबाद पहुंचे। समाहरणालय में उन्होंने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक से पहले एसएसपी प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक में एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान आईजी ने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति, अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई तथा जिले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने पर जोर दिया। हाल के दिनों में फरार अपराधी प्रिंस खान द्वारा सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी को मिली कथित धमकी के संबंध में पूछे गए सवाल पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की गई है और उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी आपराधिक गतिविधि को सफल नहीं होने देगी और जिले में शांति, सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क