Date: 07/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सिंदरी में भाजपा की विशाल जनसभा, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने विपक्ष पर साधा निशाना

7/6/2026 6:36:30 PM IST

32
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को धनबाद भाजपा ने सिंदरी स्थित हर्ल कारखाना के मुख्य द्वार पर स्मरण पर्व के रूप में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा, झरिया विधायक रागिनी सिंह, पूर्व मंत्री अमर बाउरी, जिला परिषद अध्यक्ष, भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी तथा सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और औद्योगिक विकास में उनकी भूमिका को याद किया। सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को देश का शिक्षा मंत्री बनाया जाना चाहिए था, लेकिन तत्कालीन सरकार ने उन्हें उद्योग मंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री रहते हुए डॉ. मुखर्जी ने सिंदरी फर्टिलाइजर, डीवीसी सहित कई औद्योगिक परियोजनाओं की नींव रखी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज विपक्ष भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की आलोचना करता हो, लेकिन कोरोना वैक्सीन के रूप में उन्ही विपक्षियों के रगों में मोदी वैक्सीन दौड़ रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भारी बारिश के बावजूद जनसभा में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश के औद्योगिक विकास का मजबूत विजन दिया और सिंदरी खाद कारखाना तथा मैथन-पंचेत में डीवीसी जैसी परियोजनाओं की नींव रखकर क्षेत्र के विकास की दिशा तय की। पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जिन राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान को पर्याप्त पहचान नहीं मिली, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसे महान व्यक्तित्वों को सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऐसे ही महान राष्ट्रनायकों में शामिल हैं, जिनके योगदान को देश आज नए सिरे से याद कर रहा है। भाजपा ने इस आयोजन के माध्यम से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। सिंदरी में आयोजित इस जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क