Date: 09/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 
जमीन विवाद में फर्जी दस्तावेज से कब्जे का आरोप, पीड़ित परिवार ने मांगा न्याय 

8/9/2026 11:54:45 AM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

गया : खिजरसराय थाना क्षेत्र के बड़की बेलदारी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक पीड़ित परिवार ने जबरन कब्जा, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। मामले को लेकर देवनंदन चौहान ने अनुमंडल पदाधिकारी, नीमचक बथानी को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच कराने और जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की है। पीड़ित के आवेदन के अनुसार, रामदेव यादव और बरती देवी के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। देवनंदन चौहान का दावा है कि विवादित जमीन खाता संख्या 22, प्लॉट संख्या 128 में 8 डिसमिल, प्लॉट संख्या 137 में 5 डिसमिल और प्लॉट संख्या 140 से संबंधित है। उनका कहना है कि इस जमीन को लेकर सक्षम न्यायालय, गया से उनके पक्ष में डिग्री हो चुकी है। साथ ही, वर्ष 2026 तक जमीन की ऑनलाइन रसीद भी उनके नाम से कटती रही है। पीड़ित परिवार की सदस्य और देवेंद्र चौहान की पत्नी समा देवी ने आरोप लगाया कि उनके ससुर से जमीन बड़े भाई के नाम पर लिए जाने के बाद कथित रूप से फर्जी स्टांप तैयार कर जमीन अपने नाम कराने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सिविल कोर्ट का रुख किया। समा देवी के अनुसार, कोर्ट से उनके पक्ष में डिग्री मिलने के बाद जब वह खेत पर फसल काटने पहुंचीं, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर उन्हें वहां से खदेड़ दिया और मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके हाथ में गंभीर चोट आई। वहीं, पीड़ित फंटूश चौहान ने आरोप लगाया कि बड़की बेलदारी समेत आसपास के कई गांवों में खानदानी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनका दावा है कि कई लोगों की जमीन पर भी कथित रूप से कब्जा किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन पर जाने या फसल काटने की कोशिश करने पर उन्हें लाठी से मारकर भगा दिया जाता है। साथ ही, हथियार दिखाकर डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन उन्हें न्यायालय जाने की सलाह दी गई। परिवार का दावा है कि न्यायालय से उनके पक्ष में आदेश होने के बावजूद जमीन पर कब्जा दिलाने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ितों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने और उनकी जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की है। हालांकि, जमीन पर जबरन कब्जा, मारपीट, फर्जी दस्तावेज और धमकी देने जैसे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। दूसरे पक्ष का बयान सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

 

 गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट