Date: 08/07/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 केन्दुआडीह भू-धंसान पर बड़ा फैसला, वैज्ञानिक खुदाई के बाद ही खुलेगी धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क

7/8/2026 2:43:37 PM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के केन्दुआडीह क्षेत्र में लगातार हो रहे भू-धंसान और गैस रिसाव की समस्या के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। पिछले छह-सात महीनों से बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को दोबारा खोलने से पहले अब उसके नीचे वैज्ञानिक तरीके से खुदाई कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा। इसके लिए बीसीसीएल 10 जुलाई तक एसओपी तैयार करेगा। खुदाई के दौरान प्रभावित परिवारों को राहत शिविर में शिफ्ट किया जाएगा और डीजीएमएस, आईआईटी-आईएसएम, सिम्फर व रेस्क्यू टीम की निगरानी में पूरा अभियान चलेगा। वहीं उपायुक्त ने भविष्य में सरकारी संपत्ति के पास बिना एनओसी खनन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। समाहरणालय में उपायुक्त सह डीडीएमए अध्यक्ष आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सांसद, विधायक, बीसीसीएल, डीजीएमएस, आईआईटी-आईएसएम और सिम्फर के विशेषज्ञ शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षतिग्रस्त सड़क के नीचे वैज्ञानिक तरीके से खुदाई कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा। तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही सड़क को दोबारा चालू करने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क को जनहित में जल्द खोलने की मांग करते हुए सुरक्षित और वैज्ञानिक जांच पर जोर दिया। बीसीसीएल प्रबंधन ने भी सुरक्षित तरीके से सड़क चालू करने की प्रतिबद्धता जताई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि भविष्य में बीसीसीएल किसी भी सरकारी सड़क, बिजली के खंभे या पाइपलाइन के पास काम शुरू करने से पहले जिला प्रशासन से अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी लेना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर संबंधित महाप्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उपायुक्त आदित्य रंजन ने झरिया क्षेत्र के स्थायी समाधान की दिशा में भी बड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोयला मंत्रालय की सहमति से झरिया अग्नि प्रभावित क्षेत्र को चारों ओर से जोड़ने वाली रिंग रोड परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है। एनएचएआई सर्वे कर रहा है और यदि यह सड़क बनती है तो न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि अग्नि प्रभावित क्षेत्रों की समस्या का स्थायी समाधान मिलने के साथ आसपास नए शहर के विकास का रास्ता भी खुलेगा।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क