Date: 09/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद की भूमिगत कोयला खदानों का शानदार प्रदर्शन, तीन खदानों को मिली 5-स्टार रेटिंग

7/9/2026 2:16:41 PM IST

26
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : कोयला मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए जारी भूमिगत (यूजी) कोयला खदानों की स्टार रेटिंग में धनबाद की खदानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की मूनीडीह भूमिगत खदान को सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग मिली है। वहीं टाटा स्टील की सिजुआ कोलियरी और भेलाटांड़ अमलगमेटेड खदान को भी 5-स्टार श्रेणी में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, उत्पादन, तकनीकी नवाचार और सतत खनन जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है। इस बार कोयला मंत्रालय ने देशभर की 131 भूमिगत कोयला खदानों का मूल्यांकन किया, जिनमें 16 खदानों को 5-स्टार, 60 को 4-स्टार, 49 को 3-स्टार और 6 खदानों को 2-स्टार रेटिंग प्रदान की गई। इस वर्ष किसी भी भूमिगत खदान को 1-स्टार या नो-स्टार श्रेणी में स्थान नहीं मिला, जिसे भूमिगत खनन क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर 99 प्रतिशत अंक हासिल कर एससीसीएल की रवींद्राखानी न्यू टेक माइन पहले स्थान पर रही। इसके अलावा एसईसीएल, डब्ल्यूसीएल, एमसीएल, आरसीसीपीएल, बीसीसीएल और टाटा स्टील की कई भूमिगत खदानों ने भी 5-स्टार रेटिंग हासिल की है। धनबाद के लिए एक और अच्छी खबर यह रही कि बीसीसीएल की जमुनिया भूमिगत खदान को 4-स्टार रेटिंग मिली है। कोयला मंत्रालय के अनुसार, स्टार रेटिंग प्रणाली के तहत खदानों का मूल्यांकन सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, उत्पादन क्षमता, संसाधनों के बेहतर उपयोग, श्रमिक कल्याण और सतत खनन जैसे मानकों के आधार पर किया जाता है। इसका उद्देश्य देश में सुरक्षित, जिम्मेदार और पर्यावरण-अनुकूल खनन को बढ़ावा देना है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क