Date: 09/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन योजना में 3.46 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 259 करोड़ रुपये

7/9/2026 4:02:10 PM IST

7
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी "मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना" के तहत धनबाद जिले की 3 लाख 46 हजार 91 महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि एकमुश्त भेज दी गई है। इस अवधि में कुल 259 करोड़ 56 लाख 82 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के तहत भी करीब 1 लाख 97 हजार लाभुकों के खातों में 60 करोड़ 96 लाख रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत धनबाद जिले के सभी प्रखंडों और अंचलों के कुल 3 लाख 46 हजार 91 स्वीकृत लाभुकों को अप्रैल, मई और जून 2026 की सम्मान राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी दैनिक जरूरतों में सहयोग देना है। वहीं मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून तक 1 लाख 97 हजार 205 लाभुकों को 60 करोड़ 96 लाख रुपये से अधिक की राशि का सफल भुगतान किया गया। दोनों योजनाओं की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुकों के खातों में भेजी गई है, जिससे पारदर्शिता और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हुआ है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लाभुकों को बिना किसी बिचौलिये के समय पर योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि सीधे बैंक खाते में राशि हस्तांतरित होने से महिलाओं और पेंशनधारियों को आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ सरकारी योजनाओं पर विश्वास भी मजबूत हुआ है। धनबाद में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन योजना के तहत करोड़ों रुपये की राशि सीधे लाभुकों के खातों में पहुंचने से लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिली है। प्रशासन का दावा है कि आगे भी सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाया जाता रहेगा।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क