Date: 09/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

44 करोड़ की झरिया–सिंदरी सड़क पर संकट: एक साल में उखड़ी सड़क, दरारों और धंसान से बढ़ा खतरा
 

7/9/2026 1:44:50 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद: धनबाद के केंदुआ मुख्य मार्ग के बाद अब झरिया–सिंदरी–बलियापुर मुख्य मार्ग भी भू-धंसान और दरारों के कारण खतरे की जद में आ गया है। करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह सड़क निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें, धंसान और उखड़ा हुआ डामर लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि BCCL की कुजामा परियोजना में लगातार हो रही हैवी ब्लास्टिंग और खनन गतिविधियों के कारण सड़क की नींव कमजोर हो गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो यह मार्ग भी केंदुआ मुख्य सड़क की तरह बंद हो सकता है, जिससे झरिया, सिंदरी और बलियापुर के हजारों लोगों की आवाजाही तथा व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होंगी। गौरतलब है कि केंदुआ मुख्य मार्ग पिछले सात महीनों से भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण बंद है। अब झरिया–सिंदरी–बलियापुर मार्ग पर भी वैसी ही स्थिति बनती दिखाई दे रही है। सड़क कई स्थानों पर धंस चुकी है और भारी वाहनों की आवाजाही से खतरा लगातार बढ़ रहा है। पूर्व पार्षद अनूप साव ने सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की जरूरत है। वहीं स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क का इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त होना निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि BCCL और आउटसोर्सिंग कंपनियों की अनियोजित खनन गतिविधियों तथा लगातार ब्लास्टिंग से सड़क को नुकसान पहुंचा है। सांसद प्रतिनिधि श्रीराम गोराई ने भी सड़क की मरम्मत और जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि पथ निर्माण विभाग और BCCL के बीच मरम्मत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। झरिया विधायक रागिनी सिंह ने सड़क निर्माण में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि 44 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क लंबे समय तक टिक नहीं सकी और अब इसकी स्थिति बेहद खतरनाक हो चुकी है। वहीं धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने भी सड़क निर्माण में तकनीकी खामियों और गलत एलाइनमेंट का आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की। इस बीच धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए पथ निर्माण विभाग द्वारा प्राक्कलन तैयार कर BCCL को भेज दिया गया है। BCCL से राशि प्राप्त होते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। झरिया–सिंदरी मुख्य मार्ग की बिगड़ती स्थिति ने एक बार फिर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और खनन गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच और मरम्मत का कार्य कब शुरू होता है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो यह महत्वपूर्ण सड़क भी केंदुआ मार्ग की तरह बंद हो सकती है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए धनबाद से दीपक की रिपोर्ट