Date: 10/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दोस्त की पिटाई से युवक की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में 

7/10/2026 6:49:40 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में एक युवक की दोस्तों द्वारा की गई कथित पिटाई के बाद मौत हो जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक रोहित मुंडा अपने दोस्तों सुजल लोहार, हरिपदो मछुआ, समीर मुंडा, रवि यादव और करन पात्रो के साथ सोपोडेरा स्थित मिलाप भवन में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। पार्टी समाप्त होने के बाद रोहित नशे की हालत में भूलवश अपने दोस्त हरिपदो मछुआ की मोटरसाइकिल लेकर सरजामदा स्थित अपने घर चला गया। जब मोटरसाइकिल नहीं मिली तो उसके दोस्तों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। लोगों ने बताया कि रोहित बाइक लेकर जाता हुआ देखा गया था। इसके बाद सभी दोस्त रोहित के घर पहुंचे, जहां मोटरसाइकिल खड़ी मिली। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि सभी ने मिलकर रोहित की लाठी-डंडों और मुक्कों से पिटाई की। घटना के बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए और रोहित भी घर चला गया। अगली सुबह यानी 9 जुलाई 2026 को रोहित मुंडा की घर पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की मां पुतुल कालिंदी और पिता शंकर कालिंदी ने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर परसुडीह थाना कांड संख्या 72/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत सुजल लोहार, हरिपदो मछुआ, समीर मुंडा, रवि यादव और करन पात्रो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान गुप्त सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों सुजल लोहार, हरिपदो मछुआ, समीर मुंडा और रवि यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में संलिप्त एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने समीर मुंडा और सुजल लोहार की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी करन पात्रो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जमशेदपुर से शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट