Date: 10/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

9 लाख के जेवरात चोरी का खुलासा, तीन नाबालिग समेत तीन स्वर्ण कारोबारी गिरफ्तार

7/10/2026 6:30:15 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया जिले के मानपुर स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की कर्मी के घर हुई  लाखों रुपये के जेवरात चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन विधि-विरुद्ध बालकों को हिरासत में लेने के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सोना खरीदने वाले तीन स्वर्ण कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित बालकों के कब्जे से दो देसी कट्टे तथा स्वर्ण कारोबारी के पास से गलाया हुआ सोना भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लिपिक के पद पर कार्यरत पूजा उर्फ सुभद्रशना अपने पति विकास कुमार, जो मुंबई में आर्किटेक्ट इंजीनियर हैं, के पास कुछ दिनों के लिए गई थीं। घर से निकलने से पहले उन्होंने ऊपरी मंजिल में ताला लगाकर उसकी चाबी घर में ही छिपा दी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि निचली मंजिल में रहने वाले रिश्ते के मामा के बेटे ने छिपाई गई चाबी खोज ली। इसके बाद उसने अपने तीन नाबालिग साथियों के साथ मिलकर घर का ताला खोलकर करीब नौ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने दोबारा घर में ताला लगा दिया और चाबी उसी स्थान पर रख दी, ताकि किसी को चोरी की भनक न लगे। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान तीनों विधि-विरुद्ध बालकों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। एसडीपीओ वजीरगंज सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बालकों की निशानदेही पर उन तीन स्वर्ण कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें चोरी का सोना बेचा गया था। जांच में यह भी सामने आया कि कारोबारियों ने चोरी के जेवरों को गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया था, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपितों के पास से गलाया हुआ सोना और नाबालिक बच्चे के निशानदेही पर दो देसी कट्टे बरामद किए हैं।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट