Date: 13/07/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ब्राउन शुगर का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, महिला समेत दो गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में

7/13/2026 2:01:21 PM IST

10
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला ड्रग्स पेडलर, उसके बेटे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर (4.32 ग्राम) और बिक्री से संबंधित 4,820 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि रविवार शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ह्यूमपाइप स्थित इन्द्रानगर में भारती कैबर्तो अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर घर से ही ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रही है। सूचना के सत्यापन के बाद गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर मौके से 40 वर्षीय भारती कैबर्तो, उसके 22 वर्षीय बेटे विशाल कैबर्तो और एक नाबालिग को हिरासत में लिया | तलाशी के दौरान पुलिस ने 38 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल 4.32 ग्राम) और 4,820 रुपये नकद बरामद कर जब्त कर लिया। इस संबंध में सीतारामडेरा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है | सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार महिला भारती कैबर्तो एक शातिर और पेशेवर ड्रग्स पेडलर है, जो लंबे समय से अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर इलाके में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार चला रही थी | पुलिस जांच में सामने आया है कि भारती कैबर्तो के खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से छह मामले दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी सीतारामडेरा और सोनारी थाना में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

कोयलांचल लाइव के लिए जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट