Date: 14/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बड़ा सड़क हादसा! ट्रेलर से टकराई पुलिस गाड़ी, एक जवान की मौत, तीन घायल

7/14/2026 11:58:31 AM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस के एक जवान की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी सरकारी गाड़ी टकरा गई। हादसे के बाद घायलों को एसएनएमएमसीएच लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम मंगलवार अहले सुबह धनबाद के मैथन क्षेत्र में एक अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची थी। हालांकि आरोपी हाथ नहीं लगा। कार्रवाई के बाद टीम सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। इसी दौरान बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 50 वर्षीय पुलिस जवान रामलखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नरेश यादव, ग्रीन पासवान और वाहन चालक गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएनएमएमसीएच आरक्षी चौकी के एएसआई विनोद कुर्जू ने बताया कि चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन में छापेमारी के बाद लौट रही थी। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से सरकारी वाहन की टक्कर हो गई, जिसमें एक जवान की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जारी है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क