Date: 27/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सांसद ढुल्लू महतो के बयान पर राजीव मिश्रा के परिजनों का पलटवार, बोले- विधायक अरूप चटर्जी को बदनाम करने की साजिश

7/14/2026 11:58:31 AM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में विजय टॉकीज के मालिक राजीव मिश्रा आत्महत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। सांसद ढुल्लू महतो के बयान के बाद अब मृतक के परिजन मीडिया के सामने आए हैं। परिजनों ने सांसद के आरोपों को खारिज करते हुए विधायक अरूप चटर्जी का बचाव किया है। दरअसल, कुछ दिन पहले धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया था कि निरसा विधायक अरूप चटर्जी की कथित मानसिक प्रताड़ना के कारण विजय टॉकीज के मालिक राजीव मिश्रा ने आत्महत्या की थी। सांसद के इस बयान के बाद अब राजीव मिश्रा के परिवार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मृतक राजीव मिश्रा के बड़े भाई मृत्युंजय मिश्रा ने कहा कि उनके भाई की आत्महत्या से विधायक अरूप चटर्जी का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद उनके मृत भाई के मामले को लेकर राजनीति कर रहे हैं और विधायक को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मृत्युंजय मिश्रा ने कहा कि विधायक अरूप चटर्जी हमेशा उनके परिवार के साथ खड़े रहे हैं और उन्होंने कभी भी परिवार के किसी सदस्य के साथ गलत व्यवहार नहीं किया। उन्होंने बताया कि सिनेमा हॉल का सौदा परिवार ने अपनी इच्छा से किया था। वहीं, राजीव मिश्रा की मां ने भी सांसद के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सांसद का बयान देखकर उन्हें काफी दुख हुआ। विधायक अरूप चटर्जी ने कभी उनके परिवार के साथ गलत नहीं किया। फिलहाल राजीव मिश्रा आत्महत्या मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जहां सांसद ढुल्लू महतो अपने आरोपों पर कायम हैं, वहीं मृतक के परिजन विधायक अरूप चटर्जी के समर्थन में सामने आए हैं।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक कुमार की रिपोर्ट